महराजगंज पुलिस की बड़ी कामयाबी: 115 गुमशुदा मोबाइल बरामद, कीमत करीब 28 लाख रुपये
7 महीने में 743 मोबाइल फोन बरामद, 2.06 करोड़ रुपये के मोबाइल उनके मालिकों को लौटाए

महराजगंज। गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर महराजगंज पुलिस ने तकनीक आधारित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने CEIR पोर्टल और आधुनिक तकनीकी संसाधनों की मदद से
115 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 28 लाख रुपये बताई गई है। 27 अक्टूबर को बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में सर्विलांस सेल और जिले के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने संयुक्त प्रयास से यह कार्रवाई की। लंबे समय बाद अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। मोबाइल स्वामियों ने महराजगंज पुलिस के प्रति आभार जताया।
सात महीने में 743 मोबाइल बरामद
महराजगंज पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पिछले सात महीनों में कुल 743 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 2 करोड़ 6 लाख रुपये है। पुलिस की इस कार्रवाई में CEIR पोर्टल, सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों में तैनात पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
सर्विलांस टीम ने निभाई अहम भूमिका
मोबाइल फोन बरामद करने वाली सर्विलांस टीम में शिवानन्द पासवान, मो. कुतुबुद्दीन, राजकुमार राजभर, आलोक पाण्डेय, सुधीर कुमार यादव, सूरज गुप्ता और नीरज कुमार शामिल रहे। इसके अलावा जिले के सभी थानों में CEIR पोर्टल से संबंधित कार्यों के लिए नियुक्त पुलिसकर्मियों का भी योगदान रहा।
मोबाइल गुम होने पर क्या करें?
महराजगंज पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं और मोबाइल ब्लॉक कराने की प्रक्रिया अपनाएं। साथ ही नजदीकी थाने को सूचना दें। मोबाइल का IMEI नंबर, खरीद का बिल और अन्य जरूरी विवरण सुरक्षित रखने से बरामदगी में मदद मिल सकती है।




