इंडो-नेपाल बॉर्डर खुनुवां पर भारत-नेपाल सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त बैठक, तस्करी रोकने पर बनी रणनीति

सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से गुरुवार को खुनुवां इंडो-नेपाल बॉर्डर पर थाना शोहरतगढ़ पुलिस, एसएसबी, कस्टम विभाग और नेपाल पुलिस की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश के क्रम में तथा अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के पर्यवेक्षण में आयोजित इस बैठक में सीमा पार होने वाली अवैध गतिविधियों और तस्करी की रोकथाम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान ऑपरेशन कवच के तहत भारत-नेपाल सीमा पर समन्वित कार्रवाई, संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी, सूचनाओं के आदान-प्रदान तथा संयुक्त गश्त को और प्रभावी बनाने पर सहमति बनी। अधिकारियों ने सीमा पर तैनात सभी एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल के साथ कार्रवाई करने पर जोर दिया, ताकि तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।




