भारत-नेपाल सीमा पर 27 बोरी यूरिया खाद के साथ दो पकड़े गए, इलेक्ट्रिक ऑटो भी बरामद

सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) की सीमा चौकी ककरहवा और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त नाका पार्टी ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने 27 बोरी यूरिया खाद, एक इलेक्ट्रिक ऑटो और दो व्यक्तियों को पकड़ा है।
दिनांक 19 अगस्त 2026 को विशेष आसूचना के आधार पर संयुक्त नाका पार्टी सीमा स्तंभ संख्या 544/1 से करीब 400 मीटर तथा अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग 50 मीटर अंदर तैनात थी। इसी दौरान एक इलेक्ट्रिक ऑटो अनधिकृत रास्ते से भारत से नेपाल की ओर जाता दिखाई दिया। टीम ने वाहन को रोककर जांच की तो उसमें दो व्यक्ति सवार मिले और 27 बोरी यूरिया खाद बरामद हुई।
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्तियों ने अपना नाम जितेंद्र गुप्ता (38 वर्ष) और रोहित गुप्ता (18 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम फरसादीपुर, थाना मोहाना, जिला सिद्धार्थनगर बताया। बरामद यूरिया खाद के संबंध में दोनों कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद 27 बोरी यूरिया खाद और इलेक्ट्रिक ऑटो सहित दोनों व्यक्तियों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस, थाना/पुलिस चौकी मोहाना के सुपुर्द कर दिया गया।
SSB के अनुसार भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। बल द्वारा यूरिया खाद सहित नशीली दवाओं, अवैध मुद्रा, वन्यजीव तथा अन्य प्रतिबंधित सामान की तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है और पकड़े गए लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




