सीएचसी लोटन में सीएमओ का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य कर्मियों को सख्त चेतावनी
अस्पताल की व्यवस्थाओं और साफ-सफाई पर जताई चिंता, लापरवाही मिलने पर कार्रवाई के निर्देश

सिद्धार्थनगर : लोटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लोटन में रविवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) संजय दोहरे ने औचक निरीक्षण किया। सीएमओ के अचानक अस्पताल पहुंचने से स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए विभिन्न वार्डों का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने पैथोलॉजी, लेबर रूम, मेडिसिन वार्ड और प्रसूति गृह की स्थिति देखी। साथ ही अस्पताल में मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों और लोगों से मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अस्पताल में गंदगी रहने से संक्रमण और बीमारियां फैलने का खतरा बना रहता है। इसलिए सभी वार्डों सहित पूरे अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। सीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि मरीजों के उपचार और अस्पताल की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी कर्मचारी के खिलाफ लापरवाही की शिकायत मिलती है तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान डॉ. साकिब, डॉ. निसार, वार्ड बॉय अजीज अहमद, अजय सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।




