छठ पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट, डीआईजी और एसपी ने किया पैदल गश्त; छठ घाटों का लिया जायजा
नगर तिराहा से हनुमानगढ़ी तक अधिकारियों ने किया भ्रमण, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश

महराजगंज। छठ महापर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। शुक्रवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चन्नप्पा और पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने नगर तिराहा से हनुमानगढ़ी तक पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों, बाजारों और आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण किया तथा आमजन से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति देखी।
इसके बाद अधिकारियों ने थाना कोतवाली क्षेत्र के बलिया नाला स्थित छठ घाट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छठ पर्व को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, आवागमन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
डीआईजी और एसपी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी सदर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
छठ पर्व को लेकर प्रशासन की तैयारियां तेज हैं। अधिकारियों का प्रयास है कि श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में आस्था के महापर्व को संपन्न कर सकें।




