सिद्धार्थनगर: दीपावली और छठ पूजा को लेकर लोटन थाने में पीस कमेटी की बैठक, शांति और सौहार्द से त्योहार मनाने की अपील
सीओ विश्वजीत सौरयान की अध्यक्षता में हुई बैठक, मूर्ति आयोजकों और डीजे संचालकों को दिए गए दिशा-निर्देश

सिद्धार्थनगर। आगामी धनतेरस, दीपावली, मां लक्ष्मी पूजा और छठ पूजा को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को लोटन थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी विश्वजीत सौरयान ने की, जबकि थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह मौजूद रहे।
बैठक में थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के मूर्ति आयोजकों, डीजे संचालकों, संभ्रांत व्यक्तियों और धर्मगुरुओं ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने सभी से त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
इस दौरान शासन और उच्चाधिकारियों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों ने आयोजकों और डीजे संचालकों को निर्धारित गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही उपस्थित लोगों की समस्याएं भी सुनी गईं और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।




