Welcome to Rahasya News   Click to listen highlighted text! Welcome to Rahasya News
Uncategorized

पत्रकार के वाहन में आगजनी पर उठे सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर डीएम-सीएमओ को ज्ञापन

इटवा के स्वास्थ्य प्रतिष्ठानों से जुड़े मामलों की भी अभिलेखीय जांच की मांग, सीलिंग, पंजीकरण और दस्तावेजों का सत्यापन कराने की मांग

सिद्धार्थनगर। पत्रकार के वाहन में आगजनी के मामले की निष्पक्ष जांच और इटवा तहसील क्षेत्र में संचालित कुछ स्वास्थ्य प्रतिष्ठानों से जुड़े मामलों की जांच की मांग को लेकर सोमवार को प्रेस क्लब सिद्धार्थनगर ने मोर्चा संभाला। जिला अध्यक्ष भारत कन्नौजिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पत्रकारों ने जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

प्रेस क्लब की ओर से दिए गए ज्ञापन में जनता सेवा अस्पताल, लक्ष्मी अल्ट्रासाउंड एवं सीटी स्कैन सेंटर, पूर्वांचल डायग्नोस्टिक सेंटर, पीसी डायग्नोस्टिक सेंटर तथा एमए फार्मा से जुड़े मामलों का उल्लेख किया गया है। संगठन ने इन प्रतिष्ठानों के पंजीकरण, विभागीय कार्रवाई और संचालन से संबंधित दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की।

सीलिंग के बाद सील तोड़ने के वीडियो का मामला

ज्ञापन में कहा गया है कि संबंधित मामलों में पूर्व में सीलिंग की कार्रवाई और एफआईआर दर्ज होने की बात सामने आई थी। इसके बावजूद कथित रूप से सील तोड़े जाने का वीडियो सार्वजनिक होने का उल्लेख करते हुए प्रेस क्लब ने पूरे मामले की जांच कराने तथा अब तक हुई विभागीय एवं पुलिस कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

संगठन ने जांच के दौरान करीब 50 डिग्री और स्टाम्प पेपर बरामद होने के दावे का भी उल्लेख किया। इन दस्तावेजों को सुरक्षित रखते हुए संबंधित संस्थाओं से उनका सत्यापन कराने की मांग की गई है।

पंजीकरण से लेकर बैंक रिकॉर्ड तक जांच की मांग

प्रेस क्लब ने कुछ प्रतिष्ठानों के पंजीकरण अलग-अलग व्यक्तियों के नाम पर होने और उनके संचालन एवं वित्तीय नियंत्रण को लेकर लगाए गए आरोपों की भी दस्तावेजों के आधार पर जांच कराने की मांग की है।

इसके लिए पंजीकरण आवेदन, विभागीय अभिलेख, बैंक खाते, भुगतान संबंधी रिकॉर्ड, कर्मचारियों की नियुक्ति, किरायानामा और स्वामित्व से जुड़े दस्तावेजों का मिलान कराने की मांग की गई है।

ज्ञापन में यह आशंका भी जताई गई है कि किसी सील किए गए प्रतिष्ठान का नाम बदलकर दोबारा पंजीकरण कराने का प्रयास किया जा सकता है। प्रेस क्लब ने मांग की कि ऐसे किसी आवेदन पर कार्रवाई से पहले संबंधित पुराने प्रतिष्ठान की सीलिंग, एफआईआर और लंबित जांच से उसका मिलान किया जाए।

पत्रकार के वाहन में आगजनी की निष्पक्ष जांच की मांग

ज्ञापन में प्रेस क्लब के प्रदेश अध्यक्ष पत्रकार राहुल सिंह के वाहन में आगजनी के मामले को भी प्रमुखता से उठाया गया। संगठन के अनुसार, मामले में बस्ती जिले के सोनहा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 172/2026 दर्ज है।

प्रेस क्लब ने मांग की कि आगजनी की घटना की विवेचना में सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्य और इलेक्ट्रॉनिक अभिलेखों को शामिल किया जाए। साथ ही पत्रकार को सुरक्षा उपलब्ध कराने और मामले में साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।

संयुक्त जांच की मांग

प्रेस क्लब ने स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम गठित कर संबंधित स्वास्थ्य प्रतिष्ठानों के अभिलेखों की जांच कराने की मांग की है। संगठन का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन की प्रतियां मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सिद्धार्थनगर के साथ प्रेस क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष अविनाश कुमार शुक्ला और प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिंह को भी भेजी गई हैं।

ज्ञापन सौंपने वालों में जिला अध्यक्ष भारत कन्नौजिया, जिला मंत्री प्रेमचंद गौड़, जिला कोषाध्यक्ष दीपू पासवान, नौगढ़ तहसील अध्यक्ष अहमद हुसैन, प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिंह, राष्ट्रीय मंत्री संतोष कुमार गोंड़, राष्ट्रीय महामंत्री डी.एन. शुक्ला, शैलेश कुमार राव, विजय बहादुर, उमेश प्रताप सिंह, सरिता पांडे, जयप्रकाश, राहुल गौतम, रवि शुक्ला, रजनीश सिंह, विशाल गौतम, अतहर हुसैन, आनंद गौतम, संतोष कुमार, मनोज कुमार और जितेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!