मिशन शक्ति 6.0: मेधावी छात्रा आशा बनी एक दिन की थानाध्यक्ष, पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से जाना

सिद्धार्थनगर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज 6.0 के तहत शनिवार को थाना मोहाना में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्वर्गीय रामा देवी कौशल इंटर कॉलेज की मेधावी छात्रा आशा को सांकेतिक रूप से एक दिन का थानाध्यक्ष बनाया गया।
थानाध्यक्ष की कुर्सी संभालने के बाद छात्रा आशा ने थाने की दैनिक कार्यप्रणाली को करीब से देखा। इस दौरान उन्होंने थाने पर आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
छात्राओं को दी गई महिला एवं साइबर अपराध से बचाव की जानकारी
कार्यक्रम में विद्यालय की अन्य छात्राओं को भी थाना परिसर में आमंत्रित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
इसके साथ ही छात्राओं को महिला अपराधों से बचाव, साइबर अपराध के प्रति सतर्कता और अपनी सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
आत्मविश्वास बढ़ाना कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य
पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना और पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराना है। इस पहल के माध्यम से छात्राओं को यह संदेश दिया गया कि वे बिना किसी भय के अपनी समस्याएं पुलिस के सामने रख सकती हैं।




