Uncategorized

सर्पदंश से दंपती की मौत, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

सिद्धार्थनगर। लोटन थाना क्षेत्र के हरिवंशपुर चौकी अंतर्गत हरिवंशपुर गांव में सोमवार रात जहरीले सांप के डसने से पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद दंपती के तीन मासूम बच्चे बेसहारा हो गए। घटना से गांव में मातम पसरा है।

जानकारी के अनुसार, इज़हार (25) पुत्र निजामुद्दीन अपनी पत्नी हसीबुननिशा (24) और तीन बच्चों के साथ कमरे में सो रहे थे। जगह कम होने के कारण तीनों बच्चे बेड पर सोए थे, जबकि दंपती फर्श पर सो रहे थे।

मृतक के पिता निजामुद्दीन के मुताबिक, मंगलवार भोर करीब तीन बजे इज़हार ने परिजनों को सांप के डसने की जानकारी दी। आनन-फानन में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लोटन ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल से भी हालत में सुधार नहीं होने पर दोनों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही इज़हार और हसीबुननिशा ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने पर लोटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक साथ पति-पत्नी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, तीन मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ जाने से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!