साइबर ठगी पर सिद्धार्थनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹15.47 करोड़ की साइबर फ्रॉड शिकायतों से जुड़ा आरोपी गिरफ्तार

सिद्धार्थनगर। साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खेसरहा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए NCRP/समन्वय पोर्टल पर दर्ज लगभग ₹15.47 करोड़ की साइबर फ्रॉड शिकायतों से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी नसीम अहमद (20 वर्ष) पुत्र औसाफ अहमद, निवासी बेलवालगुनही, थाना खेसरहा, जनपद सिद्धार्थनगर है। उसके कब्जे से साइबर ठगी की रकम से खरीदे गए एक आईफोन, एक वीवो मोबाइल, एचपी कंपनी का लैपटॉप, माउस, लैपटॉप चार्जर, विभिन्न बैंकों की पासबुक, एटीएम कार्ड तथा ₹20,000 नकद बरामद किए गए हैं।
जांच में पता चला कि वर्ष 2024-25 के दौरान एनसीआरपी/समन्वय पोर्टल पर आरोपी से जुड़े बैंक खातों के खिलाफ विभिन्न राज्यों से 09 साइबर फ्रॉड शिकायतें दर्ज थीं। इन शिकायतों में कुल ₹15,47,63,520 की ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी सामने आई। पुलिस के अनुसार, इस धनराशि का एक हिस्सा आरोपी के बैंक खाते में पहुंचा, जिसका उपयोग उसने निजी खर्चों में किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से साइबर फ्रॉड की रकम अपने खातों में मंगवाता था और बाद में अलग-अलग बैंक खातों में स्थानांतरित कर साइबर ठगी के नेटवर्क में इस्तेमाल करता था। उसने अपने नाम से यूनियन बैंक, अर्बन कोऑपरेटिव बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक में कई खाते खुलवा रखे थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना खेसरहा में मु.अ.सं. 96/2026 के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय भेज दिया गया है।
सिद्धार्थनगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी लालच या कमीशन के बदले अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक या बैंकिंग विवरण किसी अन्य व्यक्ति को न दें। ऐसा करना भी गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है और इसमें संलिप्त पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




