भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की कार्रवाई, 2 बोरी यूरिया खाद के साथ बाइक व एक व्यक्ति पकड़ा

सिद्धार्थनगर। 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की सीमा चौकी ककरहवा के जवानों ने 23 जुलाई 2026 को विशेष गश्त के दौरान भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के प्रयास को विफल करते हुए 02 बोरी यूरिया खाद, एक मोटरसाइकिल और एक व्यक्ति को पकड़ा।
जानकारी के अनुसार, सूचना के आधार पर एसएसबी की टीम फरसादिपुर गांव के पास विशेष गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सामान लादकर भारत की ओर से सीमा की तरफ जाता दिखाई दिया। ड्यूटी पार्टी को देखते ही वह मोटरसाइकिल पर लदा सामान छोड़कर भागने लगा। जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम इन्द्रजीत मुराऊ पुत्र रोहित, निवासी ओड़वालिया, थाना लुंबिनी, जिला रुपन्देही (नेपाल) बताया। मौके पर छोड़े गए सामान की तलाशी लेने पर 02 बोरी यूरिया खाद बरामद हुई।
एसएसबी ने बरामद यूरिया खाद, मोटरसाइकिल और पकड़े गए व्यक्ति को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग ककरहवा को सुपुर्द कर दिया।
43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी, मानव तस्करी, नशीली दवाओं, अवैध मुद्रा तथा वन्यजीव एवं वन्य उत्पादों की तस्करी पर रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




