Uncategorized

अमृत सरोवर में डूबने से 60 वर्षीय ओरी यादव की मौत, गांव में पसरा मातम

महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के कस्बे में स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर के समीप बने अमृत सरोवर में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 60 वर्षीय व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, कोल्हुई निवासी ओरी यादव पुत्र स्वर्गीय धनपाल यादव सोमवार शाम करीब 7:30 बजे अमृत सरोवर के किनारे टहल रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरे। उन्हें डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण जान जोखिम में डालकर तालाब में कूद पड़े।

काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने ओरी यादव को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कोल्हुई पुलिस मौके पर पहुंची। उप निरीक्षक राजीव सिंह ने हमराही पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों से पोस्टमार्टम कराने के संबंध में बातचीत की, लेकिन परिजनों एवं गांव के संभ्रांत लोगों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। इसके बाद मौके पर ही पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की गई तथा पोस्टमार्टम न कराने के संबंध में परिजनों से लिखित आवेदन लेकर शव उन्हें सुपुर्द कर दिया गया।

इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण शोकाकुल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!