महराजगंज में शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार ,चोरी का सामान, दो अवैध तमंचे, सात जिंदा कारतूस और ₹20,420 नकद बरामद

महराजगंज। पुरन्दरपुर थाना पुलिस ने शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, दो अवैध तमंचे, सात जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और चोरी का सामान बेचकर मिले 20,420 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को हरैया रघुवीर गांव निवासी गंगाराम वर्मा के घर का ताला तोड़कर चोर सिलाई मशीन, गैस सिलेंडर, बर्तन, पायल, कान की बाली और नकदी समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। पीड़ित की तहरीर पर पुरन्दरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने गोविन्द उर्फ गोभी निवासी करमहवा बुजुर्ग, दिनेश यादव निवासी बड़हरा और सुजीत यादव निवासी करमहवा बुजुर्ग को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से .303 बोर का एक देशी तमंचा व दो जिंदा कारतूस, .22 एमएम बोर का एक तमंचा व पांच जिंदा कारतूस, दो गैस सिलेंडर, एलईडी टीवी, पीली धातु की थाली, पीतल के लोटे, पायल, अंगूठी और छह सफेद धातु के सिक्के समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में गोविन्द उर्फ गोभी का लंबा आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ चोरी, गैंगस्टर एक्ट व आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, आरोपी दिनेश यादव के खिलाफ भी पूर्व में कई आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है। कार्रवाई थानाध्यक्ष गौरव राय कन्नौजिया के नेतृत्व में पुरन्दरपुर पुलिस टीम द्वारा की गई।
बरामदगी में प्रमुख रूप से: दो अवैध तमंचे, सात जिंदा कारतूस, दो गैस सिलेंडर, एलईडी टीवी, आभूषण, पीतल के बर्तन, छह सफेद धातु के सिक्के, एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और ₹20,420 नकद शामिल हैं।




