भारत-नेपाल सीमा पर नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 60 लाख का गांजा बरामद; महिला समेत दो गिरफ्तार

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ महराजगंज पुलिस और एटीएस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना ठूठीबारी पुलिस, एटीएस सिद्धार्थनगर और एटीएस गोरखपुर की संयुक्त टीम ने एक महिला समेत दो कथित तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 1 क्विंटल 22 किलो 975 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कॉर्पियो भी पुलिस ने जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी निचलौल रविन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर नौवाबारी के पास चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नैमुन निशा उर्फ जहांतारा (49 वर्ष), निवासी चैनपट्टी, थाना तरयां सुजान, जनपद कुशीनगर और राजेन्द्र गौड़ उर्फ रविन्द्र (50 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 7 आजाद नगर, थाना सेवरही, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 क्विंटल 22 किलो 975 ग्राम गांजा और तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन संख्या UP32LB-9957 बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी राजेन्द्र गौड़ का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2020 में थाना विशुनपुरा, कुशीनगर और वर्ष 2023 में थाना रुधौली, बस्ती में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
इस मामले में थाना ठूठीबारी पर मुकदमा अपराध संख्या 150/2026 के तहत धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
संयुक्त टीम में शामिल रहे अधिकारी और कर्मचारी
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष ठूठीबारी अमित कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक बृजेश कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह तोमर, महिला उपनिरीक्षक प्रियंका मौर्य सहित ठूठीबारी पुलिस के अन्य जवान शामिल रहे। वहीं एटीएस सिद्धार्थनगर से उपनिरीक्षक हिमांशु और मुख्य आरक्षी आकाश यादव तथा एटीएस गोरखपुर से मुख्य आरक्षी उमेश मिश्रा और संदीप जायसवाल की भूमिका रही।
रहस्य न्यूज की खास बात: भारत-नेपाल सीमा पर लगातार सामने आ रही मादक पदार्थों की तस्करी के बीच पुलिस और एटीएस की यह संयुक्त कार्रवाई अहम मानी जा रही है। अब देखना होगा कि पूछताछ में इस तस्करी के नेटवर्क और इसके अन्य संभावित कड़ियों के बारे में क्या जानकारी सामने आती है।




