Uncategorized

दिनदहाड़े सना ज्वेलर्स में महिला गैंग का हाथ साफ, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

महराजगंज। जनपद के बृजमनगंज कस्बे में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक ज्वेलरी दुकान में महिला गैंग द्वारा चोरी की वारदात सामने आई है। कस्बे स्थित सना ज्वेलर्स की दुकान पर पांच महिलाओं ने सुनियोजित तरीके से सोने का एक झालर चोरी कर लिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

 

जानकारी के अनुसार, पांच महिलाएं एक टेम्पो से दुकान पर पहुंचीं। पहले दो महिलाएं दुकान के अंदर गईं और कुछ देर बाद तीन अन्य महिलाएं भी उनके साथ शामिल हो गईं। दुकान मालिक सभी महिलाओं को बारी-बारी से गहने दिखाने में व्यस्त हो गए। इसी दौरान महिलाओं ने आपस में तालमेल बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक महिला पीछे रखी कुर्सी से आगे आकर बैठती है, जबकि दूसरी महिला उसे कान का सोने का झालर थमा देती है। इसके बाद बाद में आई तीन महिलाएं, जिनमें से एक के बारे में जेवर चोरी करने का संदेह है, पहले दुकान से बाहर निकल जाती हैं। कुछ देर बाद शुरुआती दोनों महिलाएं भी वहां से चली जाती हैं।

महिलाओं के जाने के बाद जब दुकान मालिक ने गहनों का मिलान किया तो एक सोने का झालर गायब मिला। इसके बाद उन्होंने शाम को पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान करने का प्रयास कर रही है। तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!